कर्मचारी भ.नि. संगठन, क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर में आयोजित की गई नई श्रम संहिताओं पर अंतर-विभागीय बैठक

रायपुर। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर में रविवार दिनांक 23.11.2025 को अपराहन 3.30 बजे श्रम एवं रोजगार मंत्रालय से जुडे विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण अंतर-विभागीय बैठक का आयोजन किया गया । बैठक का उद्देश्य हाल ही में लागू की गई नई श्रम संहिताओं के प्रभावशाली क्रियान्वयन एवं सभी हितधारकों के बीच इस हेतु समन्वय स्थापित करना था ।
भविष्य निधि क्षेत्रीय कार्यालय के सभागार में आयोजित इस बैठक में उप मुख्य श्रमायुक्त (केंद्रीय) कार्यालय से उप श्रमायुक्त श्री बिधान चंद्र नायक, श्रम कल्याण विभाग से श्री सुनील मिश्रा, श्रम कल्याण अधिकारी, कर्मचारी राज्य बिमा निगम से श्री रत्नेश राजेन्य, उप निदेशक, श्री रोहित गुप्ता, उप निदेशक एवं भविष्य निधि संगठन कार्यालय से श्री आकाश अग्रवाल सहायक भ. नि.. आयुक्त एवं श्री सुधांशु निकेतन मिश्रा उपस्थित थे। बैठक के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने एक संयुक्त रणनीति के अंतर्गत नई श्रम संहिताओं से संबंधित विभिन्न प्रावधानों और क्रियान्वयन की प्रक्रियाओं को कर्मचारियों, नियोक्ताओं और श्रमिक संगठनों, संघों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए विस्तार से चर्चा की । श्री आकाश अग्रवाल, सहायक भ.नि. आयुक्त ने बताया कि भारत सरकार द्वारा लागू की गई चारों नई श्रम संहिताएं- वेतन संहिता2019, औद्योगिक संबंध संहिता 2020, सामाजिक सुरक्षा संहिता 2020 तथा व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य स्थितियां संहिता 2020 श्रम क्षेत्र में एक ऐतिहासिक सुधार का प्रतिनिधित्व करती हैं ।
दिनांक 21 नवंबर 2025 से इन संहिताओं के लागू होने से निश्चित ही हमारा देश, एक सरल-सहज,आधुनिक और वैश्विक मानकों पर अधारित श्रम शासन की ओर अग्रसर होगा। बैठक के दौरान अधिकारियों ने कहा कि नई श्रम संहिताएं न केवल कार्यस्थल पर श्रमिक हितों को मजबूत करेंगी बल्कि औद्योगिक ईकाइयों को भी एक सरल, पारदर्शी और व्यवसाय सुलभ वातावरण प्रदान करेंगी । सहायक भ.नि. आयुक्त श्री आकाश अग्रवाल ने सभी विभागों के उपस्थित प्रतिनिधियों से इस दिशा में सक्रिय सहयोग प्रदान करने का अनुरोध करते हुए कहा कि श्रम संहिताओं से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम और हितधारकों के साथ बैठकों को बढाया जाएगा जिससे कि नियोक्ताओं तथा श्रमिकों को नए प्रावधानों से संबंधित जानकरियां स्पष्ट रूप से उपलब्ध हो सकें साथ ही बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जल्द ही नियोक्ता संगठनों,कर्मचारी यूनियनों एवं अन्य हित धारकों के साथ एक विस्तृत परामर्श सत्र का भी आयोजन किया जाएगा जिसमें नई श्रम संहिताओं के लाभ, इसकी प्रक्रिया और अनुपालन संबंधी पहलुओं पर चर्चा की जाएगी ।









