पिछड़ा वर्ग मोर्चा मंडल कसडोल के उपाध्यक्ष बने कौशल दास मानिकपुर



चंदन जायसवाल
कसडोल। भारतीय जनता पार्टी के पिछड़ा वर्ग मोर्चा मंडल कसडोल में संगठन विस्तार के तहत कौशल दास मानिकपुर को मंडल उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है।

कौशल दास मानिकपुर लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। इससे पूर्व वे भारतीय जनता युवा मोर्चा में महामंत्री के पद पर भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुके हैं। संगठनात्मक कार्यों में उनकी सक्रियता और अनुभव को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वर्तमान में कौशल दास मानिकपुर ग्राम पंचायत असनिंद के उपसरपंच के रूप में भी कार्यरत हैं। वे क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान और सामाजिक गतिविधियों में लगातार सहभागिता निभाते रहे हैं। उनकी नियुक्ति को संगठन ने पिछड़ा वर्ग समाज के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
नवनियुक्त उपाध्यक्ष कौशल दास मानिकपुर ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कार्य करेंगे।
उनकी नियुक्ति पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की है।









