कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मितानिन दिवस मनाया,नगर पंचायत अध्यक्ष नागेश्वर साहू सहित पार्षद हुए शामिल, नगर पंचायत अध्यक्ष ने किया मितानिनों का सम्मान

कसडोल। चंदन जायसवाल – सवांददाता : कसडोल स्थित शहीद संतराम साहू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मितानिन दिवस मनाया गया। छत्तीसगढ़ में हर साल 23 नवंबर को मितानिन दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसी अवसर पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य रूप से नगर पंचायत अध्यक्ष नागेश्वर साहू सहित पार्षदों ने की। मितानिन, जिन्हें छत्तीसगढ़ में आशा कार्यकर्ता के नाम से भी जाना जाता है, ग्रामीण से लेकर शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं। वे हर घर तक स्वास्थ्य योजनाओं को पहुंचाने और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण कार्य करती हैं।
प्रत्येक गांव में जनसंख्या के अनुसार मितानिनों की नियुक्ति की जाती है, जो प्राथमिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का समाधान करती हैं। नगर अध्यक्ष साहू ने कहा कि मितानिन दीदी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देने, उनका लाभ पहुंचाने और बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करने का काम करती हैं।
स्वास्थ्य जागरूकता में मितानिनों की अहम भूमिका
स्वास्थ चिकित्सा अधिकारी BMO ने बताया कि ग्रामीण महिलाएं अक्सर अपने और अपने बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर कम जानकारी रखती हैं, और सामाजिक ताने-बाने के कारण पुरुषों से खुलकर बात नहीं कर पातीं। ऐसे में मितानिनों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है, क्योंकि वे महिलाएं होने के कारण गांव की महिलाएं बेझिझक अपनी बात रख पाती हैं।
टीकाकरण से लेकर बीमारियों की रोकथाम तक मितानिनों का व्यापक योगदान
मितानिनें समय-समय पर टीकाकरण के लिए लोगों को प्रेरित करती हैं, महिलाओं को प्रसव से पहले की देखभाल सिखाती हैं, और जच्चा-बच्चा दोनों के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी देती हैं। इसके अलावा, वे घर-घर जाकर लोगों को मलेरिया, निमोनिया, टीबी, हैजा जैसी बीमारियों के प्रति भी जागरूक करती रहती हैं। किसी भी स्वास्थ्य संबंधी सलाह के लिए महिलाएं कभी भी अपनी मितानिन से संपर्क कर सकती हैं।
कोरोना काल में घर-घर जाकर लोगों की स्वास्थ्य की जानकारी, लोगो को कोविड के टीकाकरण के लिए भी जागरूक किया गया ऐसे विषम परिस्थितियों में भी मितानिनों ने धैर्य बनाकर कार्य किया और लोगों को जागरूक किया वास्तव में ये योद्धा है। आज मितानिनों के परिश्रम से स्वास्थ्य की प्राथमिक सुविधाओं का लाभ गांव और शहर के लोगों को प्राप्त हो रहा है। मितानिनों का सम्मान हमारी प्राथमिकता है।कार्यक्रम में उपस्थित नगर पंचायत अध्यक्ष नागेश्वर साहू, स्वास्थ चिकित्सा अधिकारी रवि अज़गले, पार्षद प्रतिनिधि विमल वैष्णव नगर साहू संघ अध्यक्ष गुनीराम साहू पार्षद संजय साहू,उपस्थिति रही।









