गौ सम्मान दिवस पर ऑक्सफोर्ड स्कूल का प्रेरक अभियान: “एक अतिरिक्त रोटी गौ माता के लिए”, छात्रों ने किया गौशाला भ्रमण



चंदन जायसवाल कसडोल,
गौ सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत गौ सम्मान दिवस के अवसर पर ऑक्सफोर्ड इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल, कसडोल में “एक अतिरिक्त रोटी गौ माता के लिए” अभियान का आयोजन बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं को नगर स्थित गौशाला का भ्रमण कराया गया, जहां उन्होंने गौ सेवा, गौ संरक्षण और भारतीय संस्कृति में गौ माता के महत्व को निकट से समझा।




विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि प्रत्येक परिवार यदि प्रतिदिन एक अतिरिक्त रोटी गौ माता के लिए निकाले, तो यह केवल सेवा ही नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति और संवेदनशीलता का सशक्त उदाहरण होगा। गौशाला में विद्यार्थियों ने गौ माता को रोटी और हरा चारा खिलाया तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने कहा कि ऐसे अभियान बच्चों में दया, सेवा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। छात्रों ने भी पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए गौ सेवा को पुण्य का कार्य बताया और भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता अभियानों से जुड़ने का संकल्प लिया।
“एक अतिरिक्त रोटी गौ माता के लिए” अभियान ने न केवल विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति से जोड़ा, बल्कि समाज को भी गौ संरक्षण और सेवा का प्रेरणादायक संदेश दिया।









