LIVE UPDATE

नगर विकास को नई दिशा: गौशाला शेड सहित कई कार्यों का भूमिपूजन, अध्यक्ष नागेश्वर साहू ने रखी विकास की मजबूत नींव

चंदन जायसवाल : कसडोल। नगर के समग्र एवं सतत विकास की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण पहल की गई। नगर अध्यक्ष श्री नागेश्वर साहू ने अपने कार्यकाल के द्वितीय वर्ष में विकास कार्यों को नई गति देते हुए हडहा चौक (वार्ड क्रमांक 07) में बाजार शेड निर्माण, वार्ड क्रमांक 06 में गौशाला के अंदर एवं बाहर शेड निर्माण तथा वार्ड क्रमांक 07 में यात्री प्रतीक्षालय निर्माण जैसे विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया।

इस अवसर पर नगर अध्यक्ष श्री नागेश्वर साहू ने कहा कि नगर का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि इन कार्यों के माध्यम से न केवल आम नागरिकों को सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि व्यापारियों, पशुपालकों और यात्रियों को भी विशेष लाभ पहुंचेगा। उन्होंने यह भी कहा कि गौशाला में शेड निर्माण से पशुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण मिलेगा, जिससे उनकी देखभाल बेहतर तरीके से हो सकेगी।

श्री साहू ने आगे कहा कि “हमारा लक्ष्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि नगर को एक सुव्यवस्थित, स्वच्छ और सुविधायुक्त क्षेत्र के रूप में विकसित करना है। प्रत्येक वार्ड में आवश्यकता के अनुसार विकास कार्य किए जा रहे हैं, ताकि हर नागरिक को समान रूप से लाभ मिल सके। जनसेवा ही हमारा संकल्प है और इसी भावना के साथ हम निरंतर कार्य करते रहेंगे।”
इन सभी विकास कार्यों की कुल स्वीकृत राशि ₹38.15 लाख है, जो नगर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम में डॉ. सुदीप मानिकपुरी (उपाध्यक्ष), भानुप्रताप साहू (पार्षद, वार्ड 07), संजय साहू (पार्षद, वार्ड 08), इंजीनियर आशीष अग्रवाल, गौशाला समिति के सदस्य अनिल धीवर, टिकेश्वर वर्मा, दिलीप निर्मलकर, संदीप यादव,रितेश,सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने नगर के विकास कार्यों की सराहना की।

Related Articles