नगर पालिका के बाजू में कचरे का अंबार, बदबू से लोग परेशान




अहिवारा। गोवर्धन प्रासाद ताम्रकार : नगर पालिका परिषद अहिवारा की लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है। नगर पालिका के ठीक बाजू में कचरे का ढेर लगा हुआ है, जिससे चारों तरफ बदबू फैल रही है। गंदगी और नालियों में रुके पानी से स्थानीय लोग काफी परेशान हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उन्होंने कई बार इस समस्या की शिकायत नगर पालिका में की, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। कचरा प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालने वाले सुपरवाइजर संदीप शर्मा पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगे हैं।
लोगों का कहना है कि जब नगर पालिका भवन के पास ही यह हाल है तो बाकी वार्डों में सफाई व्यवस्था की स्थिति और भी खराब होने की संभावना है। गंदगी और कचरे से बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
नागरिकों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि इस लापरवाही पर तत्काल संज्ञान लिया जाए और जिम्मेदार कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, कचरे की त्वरित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।
सवाल उठता है कि जब नगर पालिका अपने ही परिसर के पास सफाई नहीं कर पा रही, तो पूरे शहर की व्यवस्था कैसे संभालेगी?








