पेट्रोल-डीजल महंगा: रायपुर में पेट्रोल 103 रुपये के पार, पंपों पर उमड़ी भीड़



रायपुर। देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी का असर अब छत्तीसगढ़ में भी दिखाई देने लगा है। राजधानी रायपुर में पेट्रोल का दाम 100.45 रुपये से बढ़कर 103 रुपये के पार पहुंच गया है, जबकि डीजल 93.39 रुपये से बढ़कर 96.55 रुपये प्रति लीटर हो गया है। कीमतों में अचानक हुई बढ़ोतरी के बाद शहर के कई पेट्रोल पंपों पर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। बड़ी संख्या में वाहन चालक ईंधन भरवाने पहुंचे, जिससे कई जगह लंबी कतारें लग गईं।
ईंधन के दाम बढ़ने से आम लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच पेट्रोल-डीजल के रेट बढ़ने से घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि ईंधन महंगा होने से ट्रांसपोर्टेशन लागत बढ़ेगी, जिसका असर रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ेगा। एक शहर से दूसरे शहर और राज्यों तक माल ढुलाई महंगी होने से बाजार में वस्तुओं के दाम बढ़ने की आशंका है।
बताया जा रहा है कि खाड़ी देशों में जारी युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण वैश्विक स्तर पर पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति प्रभावित हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमतों में तेजी का असर भारत सहित कई देशों में देखने को मिल रहा है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल का कम इस्तेमाल करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से पब्लिक ट्रांसपोर्ट, कार पूलिंग और ई-व्हीकल के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही है।
प्रधानमंत्री की अपील का असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई मंत्रियों और विधायकों ने अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम करने का निर्णय लिया है। वहीं कई जनप्रतिनिधि इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग करते नजर आ रहे हैं। सरकार का कहना है कि वैश्विक संकट के बीच संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करना समय की जरूरत है।











