Raipur Breaking : रायपुर में होली के दौरान 3 हत्याएं, अलग अलग क्षेत्रों में हुई वारदात, महिला और 2 नाबालिगों ने युवक को उतारा मौत के घाट


रायपुर। रंगों का त्योहार होली राजधानी रायपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में खून-खराबे में तब्दील हो गया। आरंग, विधानसभा और खरोरा थाना क्षेत्रों में मारपीट, चाकूबाजी और हत्या की दिल दहला देने वाली वारदातों ने त्यौहार के उत्साह पर पानी फेर दिया। इन तीनों घटनाओं में 3 युवकों की हत्या कर दी गई है, जबकि तिल्दा नेवरा में एक युवक पर जानलेवा हमला हुआ है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी मामलों के आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
आरंग: गुलाल लगाने से मना करने पर सीने में घोंपा चाकू
आरंग थाना क्षेत्र के कलई चौक के पास हुई घटना में नीरज लोधी की जान चली गई। बताया जा रहा है कि नीरज अपने दो दोस्तों के साथ जा रहा था, तभी साहू पारा के पास संजू निषाद और उसके साथियों ने उन्हें रोका और जबरन गुलाल लगाने की कोशिश की। मना करने पर आरोपियों ने नीरज को बाइक से नीचे गिरा दिया। संजू निषाद ने लोहे के कड़े से नीरज के सिर पर वार किया और फिर चाकू से सीने पर हमला कर दिया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विधानसभा: घरेलू कलह में दो भाइयों ने मिलकर ले ली तीसरे की जान
विधानसभा थाना क्षेत्र के ग्राम मटिया में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया, जहां सगे भाइयों के बीच खून का रिश्ता तार-तार हो गया। आपसी घरेलू विवाद को लेकर कमलेश विश्वकर्मा और अखिलेश विश्वकर्मा ने अपने ही भाई दिनेश कुमार विश्वकर्मा के साथ गाली-गलौज की और लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत दोनों आरोपी भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है।
खरोरा: डीजे पर डांस को लेकर खूनी संघर्ष, महिला व दो नाबालिगों ने किया मर्डर
खरोरा के ग्राम माठ में डीजे पर डांस करने की बात को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि एक युवक की जान चली गई। यहां आरोपी महिला श्रीमती हीरा बाई पटेल और दो नाबालिग लड़कों ने चाकू और हंसिये से हमला कर मोहित धीवर (20 वर्ष) की हत्या कर दी। इस हमले में देवा वर्मा (20) और कमलनारायण यादव (22) भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। पुलिस ने महिला आरोपी और दोनों विधि विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया है।
तिल्दा नेवरा: चाकू मारकर युवक को किया अधमरा
तिल्दा नेवरा के अटल आवास में भी डांस को लेकर विवाद हुआ। यहां आरोपी गोलू उर्फ कछुवा (20 वर्ष) ने लाला यादव (25 वर्ष) के पेट में चाकू मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी गोलू को गिरफ्तार कर लिया है।
रायपुर पुलिस ने होली के दौरान हुई इन घटनाओं को गंभीरता से लिया है। सभी मामलों में आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घायलों का इलाज जारी है।











