LIVE UPDATE

Raipur Crime : शराब पार्टी के दौरान विवाद, युवक की हत्या, पार्षद समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, रेत में दफन मिला शव

रायपुर। राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में दर्ज एक गुमशुदगी की जांच ने सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में एक पार्षद सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक की हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से उसके शव को महानदी किनारे रेत में दफना दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शव बरामद कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, इंदिरा कॉलोनी मंदिर हसौद निवासी ईश्वरी यादव ने 23 मई को अपने पति भुनेश्वर यादव (38 वर्ष)की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों ने बताया था कि भुनेश्वर 22 मई की रात नोहर दास रात्रे के गोदाम से बिना बताए कहीं चला गया था और वापस नहीं लौटा।

गुमशुदगी की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए तीन संदिग्धों से पूछताछ की। प्रारंभ में आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और कड़ी पूछताछ के बाद आरोपियों ने हत्या की वारदात कबूल कर ली।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना वाली रात भुनेश्वर यादव, नोहर दास रात्रे उर्फ गोलू रात्रे, अमित राजपूत और हेमचंद बंजारे एक साथ शराब पी रहे थे। शराब खत्म होने के बाद सभी कार से महासमुंद की ओर निकले। रास्ते में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि भुनेश्वर ने पार्षद नोहर रात्रे को थप्पड़ मार दिया, जिससे आक्रोशित होकर तीनों आरोपियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान भुनेश्वर की मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी घबरा गए और महासमुंद पहुंचकर नोहर रात्रे के रिश्तेदार श्रवण जांगड़े को पूरी जानकारी दी। इसके बाद चारों ने मिलकर महानदी किनारे ग्राम नांदगांव में रेत खोदकर शव को दफना दिया ताकि किसी को घटना की भनक न लगे।

28 मई को पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर परिजनों की मौजूदगी में महानदी किनारे शव का उत्खनन कराया। परिजनों ने शव की पहचान भुनेश्वर यादव के रूप में की। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पुलिस ने बताया कि घटना स्थल महासमुंद जिले में होने के कारण थाना महासमुंद में हत्या, साक्ष्य छिपाने और सामूहिक अपराध से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी

● नोहर दास रात्रे उर्फ गोलू रात्रे (35 वर्ष)
● अमित राजपूत (37 वर्ष)
● हेमचंद बंजारे उर्फ सोनू बंजारे (28 वर्ष)
● श्रवण जांगड़े

पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

Related Articles