LIVE UPDATE

छत्तीसगढ़ में ठरकी मकान मालिक गिरफ्तार, किरायेदार युवती से किया दुष्कर्म, गर्भवती होने पर खिलाई गर्भपात की दवा, युवती और नवजात की मौत; आरोपी गिरफ्तार

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौण्डीलोहारा में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक 59 वर्षीय मकान मालिक ने अपनी किरायेदार अविवाहित युवती को डरा-धमकाकर न केवल साल भर तक उसका शारीरिक शोषण किया, बल्कि पाप छिपाने की नीयत से उसे गर्भपात की दवा खिला दी। इस घातक दवा के कारण युवती और उसके 9 माह के गर्भस्थ शिशु दोनों की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मकान मालिक को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

साल भर तक किया शोषण, 9 माह की थी गर्भवती

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका अपने परिवार के साथ पिछले 3 वर्षों से आरोपी सुनील कुमार घरडे (59 वर्ष) के मकान में किराये पर रह रही थी। आरोपी पिछले एक साल से युवती को जान से मारने और घर से निकाल देने की धमकी देकर उसके साथ लगातार अनाचार कर रहा था, जिससे वह गर्भवती हो गई। घटना के वक्त युवती 9 माह की गर्भवती थी और आरोपी इस बात को छिपाने के लिए उस पर लगातार दबाव बना रहा था।

दर्द की दवा बताकर खिला दी जानलेवा गोली

9 मार्च की रात जब युवती को शारीरिक कष्ट शुरू हुआ, तो आरोपी सुनील घरडे ने उसे दर्द की दवा होने का झांसा देकर एक अज्ञात गोली खिला दी। दवा खाने के कुछ ही देर बाद युवती की हालत बिगड़ने लगी और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी ने साक्ष्य छिपाने और अवैध गर्भपात कराने के उद्देश्य से यह जानलेवा कदम उठाया, जिससे जच्चा और बच्चा दोनों की जान चली गई।

पुलिस की मुस्तैदी: 24 घंटे में सलाखों के पीछे आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए बालोद एसपी योगेश पटेल, एएसपी मोनिका ठाकुर और डीएसपी बोनी फाॅस एक्का के निर्देशन में थाना प्रभारी मुकेश सिंह ने विशेष टीम गठित की। पुलिस ने मर्ग जांच के दौरान परिजनों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की घेराबंदी की। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

इन धाराओं में दर्ज हुआ केस

पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार घरडे के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 90, 91, 105, 238, 351(3) और 64(2)m के तहत गंभीर अपराध पंजीबद्ध किया है। इस बड़ी कार्रवाई में डौण्डीलोहारा पुलिस और सायबर सेल बालोद की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस घटना के बाद से इलाके में भारी आक्रोश और शोक का माहौल है।

vicky Silas

विक्की साइलस – संपादक, छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम विक्की साइलस पिछले 12 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने करीब 10 साल तक छत्तीसगढ़ के एक प्रमुख सांध्य दैनिक अखबार में पत्रकार के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम के संपादक हैं। वे सरल, तथ्य आधारित और जिम्मेदार पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। उनकी नेतृत्व में “छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम” आम लोगों की आवाज़ को प्राथमिकता देने वाला भरोसेमंद डिजिटल प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है। संपर्क: vicky@chhattisgarhprimetime.com

Related Articles