खर्वे गांव में मौतों से मचा हड़कंप, ग्रामीणों ने जहरीली शराब से मौत का लगाया आरोप



चंदन जायसवाल
कसडोल,, जिले के खर्वे गांव में कथित जहरीली शराब से हुई मौतों को लेकर माहौल गर्मा गया है। मंगलवार को गांव के सैकड़ों ग्रामीण कसडोल थाना पहुंचे और गांव के ही एक व्यक्ति पर लोगों को शराब पिलाकर उनकी जान लेने का गंभीर आरोप लगाया।




ग्रामीणों का दावा है कि गांव में शराब सेवन के बाद अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार मृतकों ने जिस शराब का सेवन किया था, वह कथित रूप से जहरीली थी। शराब पीने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में उनकी मौत हो गई।
घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कसडोल थाने पहुंचकर निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की भी मांग की है। इधर, कसडोल थाना पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, चिकित्सकीय दस्तावेजों एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे क्षेत्र की नजर पुलिस जांच पर टिकी हुई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा









