LIVE UPDATE

कसडोल में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के विरोध में व्यापारियों और आमजन ने दिया धरना

चंदन जायसवाल : कसडोल। बलौदाबाजार जिले के कसडोल नगर में प्रशासन द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्यवाही की जा रही है। जिसके विरोध में शुक्रवार को बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी एवं आमजन नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर धरने पर बैठ गए। लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई को एकतरफा बताते हुए विरोध जताया।

विज्ञापन

जानकारी के अनुसार, नगर के कॉलेज रोड क्षेत्र में सड़क किनारे दुकान एवं ठेला लगाकर व्यवसाय करने वाले लोगों के खिलाफ नगर पंचायत द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इसी कार्रवाई के विरोध में प्रभावित व्यापारियों और नागरिकों ने नगर पंचायत कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन किया।

धरने के दौरान युवा कांग्रेस नेता विमल अजय ने प्रशासन पर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नगर के अन्य प्रमुख क्षेत्रों में प्रभावशाली एवं संपन्न लोगों द्वारा शासकीय भूमि पर कब्जा कर पक्के निर्माण किए गए हैं, लेकिन प्रशासन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। वहीं, कॉलेज रोड पर कच्चे ठेले और छोटी दुकानों के माध्यम से जीविकोपार्जन करने वाले गरीब एवं मजदूर वर्ग के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने इसे “एक साथ मां और एक साथ मौसी जैसा व्यवहार” बताते हुए प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

वहीं, मामले में नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी तरह निष्पक्ष है और किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान एक सिरे से शुरू किया गया है और नगर के सभी क्षेत्रों में शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाएगी।

सीएमओ ने स्पष्ट किया कि जब तक नगर की सरकारी जमीनों से सभी अवैध अतिक्रमण नहीं हट जाते, तब तक नगर पंचायत की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। प्रशासन के आश्वासन के बावजूद प्रदर्शनकारी निष्पक्ष कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

 

Related Articles