कांग्रेस की अराजकता से भारत कमजोर नहीं होगा, लोकतंत्र की मजबूती के लिए जनता भाजपा के साथ : उप मुख्यमंत्री अरुण साव





मुंगेली। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव आज मुंगेली में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं और नागरिकों के साथ शामिल हुए। पदयात्रा से पहले आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। श्री साव ने कहा कि राहुल गांधी स्वयं लोकतंत्र के लिए खतरा बन गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहीं जाने वाले नहीं हैं, वे वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़ी है और किसी भी तरह की अराजकता से भारत कमजोर नहीं होगा।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का उल्लेख कर कहा कि देश में अब तक 12 बार यह प्रक्रिया हो चुकी है, जिनमें से 10 बार कांग्रेस की सरकारों के कार्यकाल में कराई गई। अंतिम बार वर्ष 2014 में यह प्रक्रिया हुई थी और अब 21 साल बाद पुनरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मृत व्यक्तियों, स्थायी रूप से निवास बदल चुके लोगों और पलायन कर चुके मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में बने रहना उचित नहीं है। नाम जोड़ने और हटाने के लिए निर्धारित नियम एवं प्रक्रिया है। पात्र नागरिकों को इन प्रक्रियाओं से कोई नहीं रोक रहा है।

श्री साव ने कहा कि लोकतंत्र का वास्तविक अर्थ संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना और चुनाव के माध्यम से सरकार का गठन करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संसद, न्यायालय के फैसलों और निर्वाचन आयोग की संवैधानिक भूमिका पर सवाल उठाकर देश में भ्रम और अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। गांधी परिवार की सत्ता बनी रहेगी, तभी लोकतंत्र सुरक्षित रहेगा, राहुल गांधी का यह नैरेटिव कभी सफल नहीं होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार तीन बार जनादेश प्राप्त कर चुके हैं। ऐसे में कांग्रेस सत्ता की तड़प में विदेशी ताकतों से मिलकर अराजकता फैला रहे हैं। कांग्रेस ईवीएम, निर्वाचन आयोग और एसआईआर को अनावश्यक मुद्दा बनाकर जनता को गुमराह कर रही है।
पदयात्रा में वरिष्ठ विधायक मा. श्री पुन्नूलाल मोहले, वरिष्ठ विधायक . श्री धरमलाल कौशिक , भाजपा जिला अध्यक्ष श्री दीनानाथ केशरवानी , जिला पंचायत अध्यक्ष श्री श्रीकांत पांडेय , पूर्व सांसद श्री लखनलाल साहू , जिला संगठन प्रभारी श्री ज्योतिनंद दुबे , जनपद अध्यक्ष श्रीमती वर्षा सिंह , लोरमी नगर पालिका अध्यक्ष श्री सुजीत वर्मा , श्री कोमल गिरी शैलेश पाठक , गिरीश पाठक , श्री प्रेम आर्य लोकनाथ सिंह , युवा मोर्चा अध्यक्ष श्री राकेश साहू , भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन शामिल हुए।











