LIVE UPDATE

Chhattisgarh : अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़, मक्का के खेत में लहलहा रही थी 8 करोड़ की अफीम, भाजपा नेता समेत 3 गिरफ्तार

दुर्ग। दुर्ग जिले के शांत ग्रामीण इलाके में नशीले जहर की खेती के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने पुलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम समोदा-झेंझरी के बीच एक खेत में दबिश देकर करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल में फैली अवैध अफीम की खेती पकड़ी है। जब्त की गई अफीम की फसल की अनुमानित कीमत 8 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस हाई प्रोफाइल मामले में पुलिस ने भाजपा नेता विनायक ताम्रकार, राजस्थान निवासी विकास विश्नोई और एक अन्य आरोपी मनीष ठाकुर को गिरफ्तार किया है। मामला सामने आते ही भाजपा ने आरोपी नेता को पार्टी से निलंबित कर दिया है।

मक्के की आड़ में काला कारोबार
तस्करों ने पुलिस और ग्रामीणों की आंखों में धूल झोंकने के लिए शातिर तरीका अपनाया था। खेत में बाहर की तरफ मक्का (भुट्टा) की ऊंची फसल लगाई गई थी, जबकि बीच की कतारों में अफीम के पौधे लहलहा रहे थे। बाहर से देखने पर किसी को शक नहीं होता था। लेकिन मुखबिर की सटीक सूचना के बाद पुलिस, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB), फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL), आबकारी और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने जब खेत के अंदर जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए।

पुलिस पूछताछ में एक बड़ा नेटवर्क सामने आया है। गिरफ्तार आरोपी विकास विश्नोई (27) मूल रूप से जोधपुर, राजस्थान का रहने वाला है। जांच में खुलासा हुआ है कि अफीम की खेती और उसकी देखरेख के लिए विशेष रूप से राजस्थान से लोगों को बुलाया गया था। जिस जमीन पर खेती हो रही थी, उसे आचल दास नामक व्यक्ति ने लीज पर लिया था, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

राजस्व विभाग की जांच में पता चला है कि खसरा नंबर 309 और 310 वाली यह जमीन मधुबाला और मधुमति ताम्रकार के नाम पर दर्ज है, जो आरोपी विनायक ताम्रकार की रिश्तेदार बताई जा रही हैं। पुलिस ने जमीन मालिकों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए तलब किया है।

सियासत गरमाई, पूर्व सीएम पहुंचे खेत
इतने बड़े पैमाने पर अफीम की खेती और उसमें सत्ताधारी दल के नेता का नाम आने से राजनीति भी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने इसे बेहद गंभीर मामला बताते हुए कहा, “यह चिंताजनक है कि छत्तीसगढ़ की धरती पर नशीले पदार्थों की खेती हो रही है। इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। हम इस मुद्दे को विधानसभा में भी जोर-शोर से उठाएंगे।”

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज किया है। जब्त पौधों की वीडियोग्राफी कराकर मजिस्ट्रेट के सामने सैंपलिंग की गई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और इस नेटवर्क की जड़ों को खोदा जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपी :

विनायक ताम्रकार (58): निवासी तेमरापारा, दुर्ग (निलंबित भाजपा नेता)

विकास विश्नोई (27): निवासी जोधपुर, राजस्थान

मनीष ठाकुर (45): सहयोगी

पुलिस की अपील:
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अगर उन्हें आसपास किसी भी तरह की संदिग्ध खेती या नशीले पदार्थों के व्यापार की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पहचान गुप्त रखी जाएगी।

vicky Silas

विक्की साइलस – संपादक, छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम विक्की साइलस पिछले 12 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने करीब 10 साल तक छत्तीसगढ़ के एक प्रमुख सांध्य दैनिक अखबार में पत्रकार के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम के संपादक हैं। वे सरल, तथ्य आधारित और जिम्मेदार पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। उनकी नेतृत्व में “छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम” आम लोगों की आवाज़ को प्राथमिकता देने वाला भरोसेमंद डिजिटल प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है। संपर्क: vicky@chhattisgarhprimetime.com

Related Articles