LIVE UPDATE

पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती ऐतिहासिक, मध्यम वर्ग और गरीबों के लिए ‘मोदी गारंटी’ का बड़ा प्रमाण: सैय्यद रजा

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष सैय्यद रजा ने केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क यानी एक्साइज ड्यूटी में की गई भारी कटौती के निर्णय का पुरजोर स्वागत किया है। उन्होंने इस ऐतिहासिक फैसले के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय स्पष्ट रूप से साबित करता है कि भाजपा सरकार सदैव गरीब, मध्यम वर्ग और विशेषकर हमारे किसान भाइयों के हितों को सर्वोपरि रखती है। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में आ रहे भारी उतार-चढ़ाव और चुनौतियों के बावजूद मोदी सरकार ने देश की जनता को महंगाई से बड़ी राहत देने का यह साहसिक कदम उठाया है, जो वास्तव में ‘अंत्योदय’ के संकल्प की सिद्धि है।

सैय्यद रजा ने कहा केंद्र सरकार ने राजस्व की चिंता न करते हुए सीधे तौर पर जनता की जेब को राहत पहुँचाई है। उन्होंने जानकारी साझा की कि कृषि और परिवहन की रीढ़ माने जाने वाले डीजल पर एक्साइज ड्यूटी को 10 रुपये से घटाकर अब पूरी तरह शून्य कर दिया गया है, जो कि एक अभूतपूर्व कदम है। इसी प्रकार पेट्रोल पर भी एक्साइज ड्यूटी को 13 रुपये प्रति लीटर से घटाकर मात्र 3 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। श्री रजा के अनुसार इस कटौती का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि इससे बाजार में ईंधन के दाम स्थिर रहेंगे और आम आदमी के परिवहन व निजी आवागमन के खर्च में सीधे तौर पर कमी आएगी।

अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष ने आगे स्पष्ट किया कि इस ऐतिहासिक कटौती का व्यापक और सकारात्मक असर समाज के हर वर्ग पर पड़ेगा। डीजल पर ड्यूटी शून्य होने से माल ढुलाई यानी लॉजिस्टिक्स की लागत में बड़ी गिरावट आएगी, जिससे बाजार में रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं और सब्जियों की कीमतें नियंत्रित रहेंगी। यह सीधे तौर पर हमारे उन मेहनतकश किसानों और मध्यम वर्ग के परिवारों की बचत सुनिश्चित करने वाला कदम है जिनके लिए रसोई का बजट एक बड़ी प्राथमिकता होता है। सैय्यद रजा ने कहा कि जब भी देश के नागरिकों को राहत देने की बात आती है, तो प्रधानमंत्री मोदी जी दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ बड़े फैसले लेते हैं। यह निर्णय केवल एक आर्थिक सुधार नहीं है, बल्कि देश के आर्थिक चक्र को गति देने और महंगाई पर प्रभावी लगाम कसने की दिशा में उठाया गया एक दूरदर्शी कदम है, जिसके लिए छत्तीसगढ़ की समस्त जनता प्रधानमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त करती है।

vicky Silas

विक्की साइलस – संपादक, छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम विक्की साइलस पिछले 12 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने करीब 10 साल तक छत्तीसगढ़ के एक प्रमुख सांध्य दैनिक अखबार में पत्रकार के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम के संपादक हैं। वे सरल, तथ्य आधारित और जिम्मेदार पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। उनकी नेतृत्व में “छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम” आम लोगों की आवाज़ को प्राथमिकता देने वाला भरोसेमंद डिजिटल प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है। संपर्क: vicky@chhattisgarhprimetime.com

Related Articles