Raipur Breaking : रायपुर में मिला बम बनाने का सामान, पुलिस ने घेरा इलाका



रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर का रावाभाठा इलाका गुरुवार को उस समय छावनी में तब्दील हो गया, जब यहाँ के एक रिहायशी मकान में बम बनाने के संदिग्ध उपकरण और सामग्री मिलने की खबर सामने आई। वार्ड नंबर-13 स्थित एक घर में भारी मात्रा में तार, रॉ मटेरियल और अन्य संदिग्ध सामान मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
घटना की सूचना मिलते ही रायपुर नॉर्थ थाना पुलिस के आला अधिकारी बल के साथ मौके पर पहुँचे। मामले की संवेदनशीलता और खतरे को देखते हुए तत्काल बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) और साइबर टीम को बुलाया गया। विशेषज्ञों की टीम ने पूरे मकान की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। मौके से बरामद सामग्री को सुरक्षा के लिहाज से अपने कब्जे में ले लिया गया है।
रायपुर की एसीपी पूर्णिमा लामा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध सामग्री बरामद की है। उन्होंने कहा, “मकान के अंदर से कुछ ऐसे उपकरण और रॉ मटेरियल मिले हैं जिनका उपयोग विस्फोटक तैयार करने में किया जा सकता है। वर्तमान में विशेषज्ञ टीम इन सामानों की बारीकी से जाँच कर रही है। यह सामग्री यहाँ कैसे आई और इसके पीछे क्या मंशा थी, इसकी जाँच की जा रही है।
रिहायशी इलाके के बीचोबीच इस तरह की सामग्री मिलने से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। जिस घर में यह सामान मिला है, उसके आसपास लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी, जिसे पुलिस ने सुरक्षा कारणों से हटाया और इलाके को सील कर दिया। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस घर का उपयोग किसी बड़ी साजिश या अवैध गतिविधि के लिए किया जा रहा था।
साइबर टीम मकान मालिक और वहाँ रहने वाले संदिग्धों के रिकॉर्ड खंगाल रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आने वाले कुछ घंटों में जाँच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि बरामद सामग्री कितनी घातक थी। फिलहाल, एहतियात के तौर पर पूरे वार्ड में गश्त बढ़ा दी गई है और पुलिस संदिग्धों से पूछताछ की तैयारी कर रही है।











