LIVE UPDATE

CG Weather : छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी गर्मी, आज तेज अंधड़ और गरज चमक के साथ बारिश की संभावना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान हुई छिटपुट बारिश और बादलों की वजह से अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली। हालांकि, यह राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में फिर से बढ़ोतरी के संकेत दिए हैं।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में प्रदेश के तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। रविवार को हुई बारिश के बाद सोमवार को भी रायपुर समेत कई इलाकों में दोपहर के वक्त बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं, प्रदेश के कुछ चुनिंदा हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी, गरज-चमक के साथ अंधड़ और बिजली गिरने की आशंका अभी भी बनी हुई है।

बीते रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। मनेंद्रगढ़, पेंड्रा रोड और माना-रायपुर एयरपोर्ट क्षेत्र में 3 सेंटीमीटर तक पानी गिरा, जबकि रायपुर शहर, बिलासपुर और लाभांडीह में 2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस वर्षा के बावजूद दुर्ग जिला प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा, जहाँ अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा के मुताबिक, वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवाती परिसंचरण और कई द्रोणिकाओं के सक्रिय होने के कारण मौसम में यह उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में अगले 48 घंटों के भीतर एक निम्न दाब का क्षेत्र बनने की संभावना है। यदि यह सिस्टम मजबूत होता है, तो इसका सीधा असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ेगा।

राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। यहाँ अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। शाम के वक्त ठंडी हवाएं चलने से राहत मिल सकती है, लेकिन मंगलवार से गर्मी के तेवर फिर से कड़े होने की उम्मीद है।

Related Articles