कसडोल में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी, 34 घंटे बाद स्वास्थ्य जांच के लिए पहुंची मेडिकल टीम

चंदन जायसवाल 

कसडोल। नगर पंचायत क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और गरीब, मजदूर एवं छोटे व्यापारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर युवा कांग्रेस नेता विमल अजय का अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल आंदोलन लगातार जारी है। धरने के 34 घंटे बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम आंदोलन स्थल पहुंची और विमल अजय के स्वास्थ्य की जांच की।

स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान उनका शुगर स्तर 87 पाया गया, जिसे सामान्य से कम बताया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनकी स्थिति पर निगरानी रखते हुए आवश्यक चिकित्सकीय सलाह भी दी।

इस दौरान विमल अजय ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बावजूद उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा, “चाहे शुगर डाउन हो या बीपी लो हो, गरीबों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों के हक की लड़ाई के लिए हमारा संघर्ष लगातार जारी रहेगा। जब तक न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं होगा।”

धरना स्थल पर समर्थकों और व्यापारियों की मौजूदगी बनी हुई है। आंदोलन को लेकर नगर में राजनीतिक और सामाजिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब सभी की नजर प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच होने वाली संभावित बातचीत पर टिकी हुई है।

Advertisement

Related Articles