स्वर्णिमा क्वींस ने सुआ नृत्य से बांधा समां, सावन उत्सव में दी शानदार प्रस्तुतियां




बिलासपुर। स्वर्णिमा एरा में आयोजित सावन उत्सव में महिलाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में सुआ नृत्य, युगल नृत्य, भजन, कविता और विभिन्न गीतों पर प्रस्तुतियों के साथ महिलाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विशेष रूप से कौशल्या एंड ग्रुप की सुआ नृत्य की प्रस्तुति ने खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथि कीर्ति तिवारी, निर्णायक रजनी गुप्ता, दीपाली गुप्ता और रीना गुप्ता तथा अडप्रयास की डायरेक्टर ममता पांडे ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों एवं प्रतिभागियों का कुमकुम और रक्षा सूत्र बांधकर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद मंजू जैन ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। रजनी भारत ने सावन गीत पर नृत्य की प्रस्तुति दी। मेनका और करिश्मा कर्मा ने युगल नृत्य प्रस्तुत किया। प्रियंका सिंह, प्राजक्ता नागरकर, अंशु अग्रवाल, ज्योति सोनवानी, श्वेता देवगन, विमला साहू, आशा तिवारी, आकांक्षा और अन्य प्रतिभागियों ने विभिन्न गीतों पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
सुनीता एंड ग्रुप ने भोले बाबा के भजन की प्रस्तुति दी, जबकि पुष्पा राठौड़ ने स्वरचित कविता सुनाई। गिरिजा कन्हाई ने ‘पिंगा री पोरी’ पर शानदार नृत्य किया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कौशल्या एंड ग्रुप का सुआ नृत्य रहा, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
सावन उत्सव के समापन पर प्रतिभागियों ने अलग-अलग वेशभूषा में रैंप वॉक भी किया। प्रतियोगिताओं में सुआ नृत्य में कौशल्या एंड ग्रुप ने प्रथम स्थान हासिल किया। आकांक्षा और आशा तिवारी को द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं गीत प्रतियोगिता में प्राजक्ता नागदेव ने प्रथम और सुनीता एंड ग्रुप ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अतिथियों ने सावन उत्सव की सराहना करते हुए प्रतिभागियों के उत्साह और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की प्रशंसा की। आयोजन के अंत में सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।









