माहेश्वरी युवा मंडल रायपुर की वार्षिक आम सभा संपन्न, नए सत्र के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए अध्यक्ष रोमिल राठी एवं महिला अध्यक्षा विद्या काबरा


रायपुर। माहेश्वरी युवा मंडल रायपुर की वार्षिक आम सभा रविवार, 18 मई 2025 को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। सभा में सत्र 2024-25 की गतिविधियों एवं वित्तीय लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया तथा आगामी सत्र 2025-26 के लिए नए पदाधिकारियों का निर्विरोध चयन किया गया। श्री रोमिल राठी को युवा मंडल का नया अध्यक्ष तथा श्रीमती विद्या काबरा को महिला समिति का नया अध्यक्ष चुना गया। यह जानकारी सत्र 2024-25 के अध्यक्ष श्री निलेश मूंधड़ा, सचिव श्री राज बागड़ी एवं मीडिया प्रभारी सीए अमित राठी ने दी।

निवर्तमान अध्यक्ष श्री निलेश मूंधड़ा ने सभा को संबोधित करते हुए मंडल के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने संगठन को मजबूती प्रदान करने में सभी के योगदान को सराहा और उन्हें सम्मानित किया।

सभा में निवर्तमान सचिव श्री राज बागड़ी ने वर्ष भर की गतिविधियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, वहीं निवर्तमान कोषाध्यक्ष श्री सागर लखोटिया ने वित्तीय विवरण साझा किया। महिला समिति की ओर से अध्यक्ष श्रीमती सीमा नत्थानी, सचिव श्रीमती आशा राठी एवं कोषाध्यक्ष श्रीमती विद्या काबरा ने महिला विंग की गतिविधियों और आर्थिक स्थिति की जानकारी दी।
इसके उपरांत सत्र 2025–26 के लिए चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न हुई, जिसमें मुख्य चुनाव अधिकारी श्री विष्णु सारडा एवं सह चुनाव अधिकारी श्री कृष्णा लखोटिया की देखरेख में निर्वाचन हुआ। सदन द्वारा श्री रोमिल राठी को अध्यक्ष और श्रीमती विद्या काबरा को महिला समिति की अध्यक्षा के रूप में निर्विरोध चयनित किया गया।

सभा में समाज के युवा एवं युवतियों की उल्लेखनीय भागीदारी रही, जिससे मंडल की सक्रियता और सामाजिक समर्पण की भावना स्पष्ट परिलक्षित हुई।










