माँ काली मंदिर परिसर में विशाल निशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन, सैकड़ों मरीजों ने उठाया लाभ




रायपुर। माँ काली मंदिर ट्रस्ट, आकाशवाणी और रायपुर होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय, रामकुंड के संयुक्त तत्वावधान में आज काली माता मंदिर परिसर में एक दिवसीय विशाल निशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना था, जिसमें सैकड़ों की संख्या में मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ उठाया।
यह शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला, जिसमें होम्योपैथिक विशेषज्ञों की एक टीम ने विभिन्न प्रकार के सामान्य एवं पुराने रोगों का निःशुल्क निदान एवं उपचार किया। इस अवसर पर माँ काली मंदिर ट्रस्ट की ओर से श्री जगदीश कलश, सचिव श्री डी. के. दुबे एवं ट्रस्ट के अन्य सभी सदस्य उपस्थित रहे और शिविर की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
शिविर को सफल बनाने में रायपुर होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज की टीम ने मुख्य भूमिका निभाई। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिलीप मुकुंद पिंपले ने जानकारी देते हुए बताया कि इस तरह के शिविरों का उद्देश्य लोगों को होम्योपैथी के फायदों से अवगत कराना और सुलभ चिकित्सा प्रदान करना है।
उनके नेतृत्व में उप-प्राचार्य डॉ. निर्मल भोई, आर.एम.ओ. एवं शिविर प्रभारी डॉ. योगेश श्रीवास्तव, डॉ. पद्मश्री बक्शी, हाउस फिजिशियन डॉ. पंकज कटारिया और डॉ. ज्योति पांडा ने मरीजों का परीक्षण कर उन्हें उचित परामर्श दिया। शिविर में इंटर्न डॉक्टरों (छाया सिन्हा, यशिका गुप्ता, शशांक गुप्ता) और छात्रों (अंकित यादव, मिथिलेश यादव, प्राची महोबिया, रुचिता कश्यप) ने भी सराहनीय योगदान दिया। औषधि वितरण का कार्यभार लक्ष्मी निषाद ने संभाला। यह शिविर क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यंत लाभकारी साबित हुआ।










