भाजपा का ‘अटल घोषणा पत्र’ जनता के साथ फरेब – कन्हैया

वादे पूरे करे सरकार वरना होगा आंदोलन - कन्हैया

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री श्री कन्हैया अग्रवाल ने प्रदेश की भाजपा सरकार और नगरीय निकायों पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव 2024 के दौरान भारतीय जनता पार्टी ने जनता से बड़े-बड़े वादे किए थे, जिन्हें आज ‘ट्रिपल इंजन’ की सरकार पूरी तरह भूल चुकी है।

उन्होंने कहा कि “मोदी की गारंटी” और “अटल घोषणा पत्र” के वादे धरातल पर केवल झूठ और जनता के साथ फरेब साबित हो रहे हैं।
श्री अग्रवाल ने भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र की याद दिलाते हुए तीन मुख्य बिंदुओं पर सरकार को घेरते हुए कहा कि महिलाओं को संपत्ति कर में 25% छूट: भाजपा ने वादा किया था । निकाय क्षेत्रों में महिलाओं के नाम पर दर्ज संपत्तियों के कर में 25% की भारी छूट दी जाएगी। आज तक इस पर कोई अमल नहीं हुआ है।
पुराने बकाया पर ब्याज माफी की घोषणा भी अधूरी। घोषणा पत्र में वादा था कि संपत्ति कर के जितने भी पुराने लंबित मामले हैं, उनका एकमुश्त निपटारा (One-time Settlement) करने पर लगे हुए ब्याज को पूरी तरह माफ किया जाएगा। सरकार इस वादे से भी मुकर गई है। विधानसभा चुनाव के दौरान पांच सौ रुपए में गैस सिलेंडर देने की घोषणा की गई थी पर हालात यह है कि 2500 रुपए में भी गैस सिलेंडर लोगों को मिल नहीं पा रहा है ।

“विष्णु देव साय की सरकार अटल जी के नाम पर वोट तो मांगती है, लेकिन उनके नाम पर बनाए गए ‘अटल घोषणा पत्र’ को लागू करने में विफल रही है। यह जनता के विश्वास के साथ खिलवाड़ है।”

कन्हैया अग्रवाल, महामंत्री, प्रदेश कांग्रेस कमेटी

प्रदेश कांग्रेस महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि इस विषय में पूर्व में भी महापौर और नगरीय निकाय मंत्री को ज्ञापन सौंपकर मांग की जा चुकी है, लेकिन सत्ता के नशे में चूर सरकार मौन बैठी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार तत्काल प्रभाव से महिलाओं को 25% छूट देने और ब्याज माफी का आदेश जारी नहीं करती है, तो कांग्रेस पार्टी जनता के हितों की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।

Advertisement

Related Articles