CGBSE बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जारी किए 10वीं और 12वीं के नतीजे



रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) के कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षार्थियों का इंतज़ार आज खत्म हो गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज नवा रायपुर स्थित मंत्रालय, महानदी भवन में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में ‘ई-क्लिक’ के माध्यम से ऑनलाइन बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित किए।
नतीजों की घोषणा के दौरान मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव और वन मंत्री श्री केदार कश्यप भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की अध्यक्ष श्रीमती रेणु पिल्लै ने मुख्यमंत्री को परीक्षा परिणामों की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बोर्ड ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए तीन आधिकारिक वेबसाइटें जारी की हैं, जहाँ रोल नंबर के माध्यम से परिणाम देखे जा सकते हैं:
https://cg.results.nic.in
https://cgbse.nic.in
https://results.digilocker.gov.in
छात्र न केवल अपना परिणाम देख सकते हैं, बल्कि डिजिलॉकर के माध्यम से अपनी डिजिटल मार्कशीट और माइग्रेशन सर्टिफिकेट भी डाउनलोड कर सकते हैं। मुख्यमंत्री द्वारा ऑनलाइन बटन दबाते ही प्रदेश के लाखों छात्रों का परिणाम वेबसाइटों पर लाइव हो गया। परिणाम घोषित होने के बाद से ही छात्रों और अभिभावकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने उन छात्रों का भी उत्साहवर्धन किया जो उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए, उन्हें आगे और कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।











