Chhattisgarh : इस जिले में देह व्यापार का भंडाफोड़: पॉश कॉलोनी में चल रहा था अनैतिक कारोबार, संचालिका और ग्राहक गिरफ्तार



दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने स्मृति नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नेहरू नगर स्थित विद्या विहार कॉलोनी में चल रहे एक बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। महिला रक्षा टीम और स्मृति नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को एक मकान में दबिश देकर अनैतिक देह व्यापार का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से संचालिका और एक ग्राहक को गिरफ्तार किया है, जबकि 8 अन्य महिलाओं को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ के बाद वैधानिक नियमों के तहत रिहा कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि विद्या विहार कॉलोनी के मकान नंबर 146/8 में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना की तस्दीक होने पर संयुक्त टीम ने अचानक रेड मारी, जहाँ अनैतिक देह व्यापार का खेल चल रहा था। पुलिस ने मौके से संचालिका धनवंती रावत उर्फ रीना सिंह रावत (35 वर्ष) और एक ग्राहक अमन शेख (25 वर्ष), जो कि मोहन नगर क्षेत्र का निवासी है, को गिरफ्तार किया।
जांच में यह बात सामने आई कि संचालिका आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार का संचालन करती थी। पुलिस ने घटनास्थल से 12 मोबाइल फोन, एक पल्सर मोटरसाइकिल, 5,500 रुपये नकद और वेश्यावृत्ति में प्रयुक्त होने वाली आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
दुर्ग पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि यदि उनके आसपास किसी भी प्रकार की अवैध या अनैतिक गतिविधि संचालित हो रही हो, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि समाज में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अनैतिक कार्यों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।
देखें विडियो











