थाना कसडोल पुलिस और डायल 112 की तत्परता से बची दो युवकों की जान, सड़क दुर्घटना में घायलों को समय पर पहुंचाया अस्पताल



चंदन जायसवाल कसडोल
थाना कसडोल पुलिस और डायल 112 की टीम ने आपसी सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई करते हुए सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दो युवकों की जान बचाई। दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कसडोल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।




डायल 112 कंट्रोल रूम को मिली थी सूचना
दो अलग-अलग कॉलर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि हड़हा चौक कसडोल के पास एक भीषण वाहन दुर्घटना हुई है। दुर्घटना में दो युवक मान चंद साहू (उम्र 22 वर्ष) और मोनू साहू (उम्र 19 वर्ष) दोनों निवासी ग्राम लवन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और दर्द से तड़प रहे हैं।
मौके पर पहुंचा पुलिस अमला
सूचना मिलते ही बिना एक पल गंवाए पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर थाना कसडोल की पेट्रोलिंग गाड़ी भी तुरंत पहुंच गई। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए स्थानीय पुलिस पेट्रोलिंग टीम और डायल 112 की टीम ने बेहतरीन आपसी सामंजस्य दिखाया। बिना एम्बुलेंस का इंतजार किए, घायलों की स्थिति के अनुरूप उन्हें तत्काल पुलिस वाहन में सुरक्षित लिटाकर व बिठाकर प्राथमिक उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कसडोल रवाना किया गया।
ओवरटेक और खुले स्टैंड के कारण हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मोटरसाइकिल पर सवार थे। बाइक का स्टैंड सीधा (नीचे की ओर) खुला हुआ था। हड़हा चौक के पास सामने जा रहे एक ट्रक को ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित होकर रोड से फिसल गई और सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। इस हादसे में दोनों युवकों के सिर, हाथ, पैर और सीने में गंभीर चोटें आई हैं।
सराहनीय कार्य थाना कसडोल पुलिस और डायल 112 की टीम द्वारा त्वरित निर्णय और ‘गोल्डन आवर’ (दुर्घटना के ठीक बाद का कीमती समय) में की गई कार्रवाई के कारण आज दो बेशकीमती जिंदगियां सुरक्षित बचा ली गईं। पुलिस की इस तत्परता की स्थानीय नागरिकों द्वारा काफी सराहना की जा रही है।
अपील बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस सभी वाहन चालकों से अपील करती है कि वाहन चलाते समय गति सीमा का ध्यान रखें, ओवरटेक करते समय सावधानी बरतें और यात्रा शुरू करने से पहले यह जरूर जांच लें कि बाइक का स्टैंड पूरी तरह हटा हुआ है या नहीं। सतर्कता ही सुरक्षा है।









