जम्मू में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला पर फायरिंग, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव विमल साहू ने फोन पर हाल-चाल जाना



बलौदाबाजार। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष Farooq Abdullah पर बुधवार रात जम्मू में एक शादी समारोह के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई। हमलावर ने उनके सिर के पास से बेहद नजदीक से गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया और वे सुरक्षित बच गए।
मिली जानकारी के अनुसार डॉ. फारूक अब्दुल्ला जम्मू में एक निजी शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने अचानक पिस्टल से गोली चलाने का प्रयास किया। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत हमलावर का हाथ ऊपर कर दिया, जिससे गोली उन्हें नहीं लग सकी और संभावित बड़ा हादसा टल गया।
घटना के संबंध में डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने बताया कि जब वे समारोह से बाहर निकल रहे थे तब उन्हें एक तेज आवाज सुनाई दी। पहले उन्हें लगा कि शायद पटाखा फूटा है, लेकिन बाद में जानकारी मिली कि एक व्यक्ति ने पिस्टल से दो गोलियां चलाई थीं। सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता के कारण हथियार ऊपर की ओर मुड़ गया और किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह पिछले लगभग 20 वर्षों से फारूक अब्दुल्ला को मारने की योजना बना रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अदालत ने उसे पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
इस बीच छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव विमल साहू ने फोन पर डॉ. फारूक अब्दुल्ला से बातचीत कर उनका हाल-चाल जाना। विमल साहू ने बताया कि उनकी फारूक अब्दुल्ला जी से बात हुई, जिसमें उन्होंने पूरी घटना के बारे में विस्तार से जानकारी दी और ऊपर वाले का शुक्रिया अदा किया कि उनकी जान सुरक्षित बच गई।
विमल साहू ने कहा कि देश के वरिष्ठ नेताओं की सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है और इस प्रकार की घटनाएं चिंताजनक हैं। उन्होंने घटना की कड़ी जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की तथा डॉ. फारूक अब्दुल्ला के स्वस्थ और सुरक्षित रहने की कामना की।











