कसडोल में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के विरोध में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी, रात्रि विश्राम के साथ आंदोलन रहेगा जारी



चंदन जायसवाल
कसडोल। नगर पंचायत कसडोल द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर व्यवसाय संचालित करने वाले लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी कर 72 घंटे का समय दिया गया है। इस कार्रवाई के विरोध में युवा कांग्रेस नेता विमल अजय एवं प्रभावित व्यापारियों ने नगर पंचायत कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है।धरना स्थल पर मीडिया से चर्चा करते हुए विमल अजय ने कहा कि नगर पंचायत अध्यक्ष एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) से चर्चा के बावजूद उन्हें कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से गरीब, छोटे व्यापारी और रोजी-रोटी कमाने वाले परिवार प्रभावित होंगे।




विमल अजय ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया जाता और प्रभावित लोगों को न्याय नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि वे भूख हड़ताल के साथ धरना स्थल पर रात्रि विश्राम भी करेंगे तथा मंगलवार को भी प्रदर्शन जारी रखा जाएगा।
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में व्यापारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे और आंदोलन को अपना समर्थन दिया। अब सभी की नजर नगर पंचायत प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच होने वाली आगामी वार्ता पर टिकी हुई है।









