छत्तीसगढ़ में देह व्यापार का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार



दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए इंदिरा मार्केट स्थित जलाराम लॉज में संचालित देह व्यापार के अड्डे का खुलासा किया है। थाना सिटी कोतवाली और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने रविवार को मुखबिर की सूचना पर छापेमारी कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि जलाराम लॉज में लंबे समय से अनैतिक देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से लॉज में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान लॉज के कमरों से 2 पुरुष और 3 महिलाएं आपत्तिजनक स्थिति में मिले। मौके पर लॉज संचालक भी मौजूद था।




छापेमारी के दौरान पुलिस ने लगभग 20 हजार रुपये नगद, 4 मोबाइल फोन, 80 कंडोम पैकेट तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की। जांच में सामने आया कि अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से लॉज में देह व्यापार का संचालन किया जा रहा था।
पुलिस ने मामले में पीटा एक्ट (अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम) की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत अपराध दर्ज कर विजय गुजराती, नारायण देशमुख और तमाशा कुमार साहू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने आसपास किसी भी प्रकार की अवैध या अनैतिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








