LIVE UPDATE

साहू समाज की अनूठी पहल: सामूहिक विवाह में परिणय सूत्र में बंधे नवयुगल, 100 यूनिट रक्तदान कर पेश की मानवता की मिसाल

रायपुर। साहू समाज अपनी एकजुटता और समाज सेवा के लिए जाना जाता है। इसी कड़ी में सोमवार को राजधानी रायपुर के मधु नगर इकाई सरोवर स्थल पर तहसील साहू संघ बीरगांव के तत्वावधान में आदर्श सामूहिक विवाह का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नवयुगल परिणय सूत्र में बंधे, जिन्हें आशीर्वाद देने के लिए हजारों की संख्या में परिजन और समाज के लोग उपस्थित रहे। विवाह समारोह के साथ-साथ समाज ने स्वास्थ्य और सेवा का भी अनुकरणीय उदाहरण पेश किया। आयोजन स्थल पर स्वास्थ्य परीक्षण और रक्तदान शिविर लगाया गया, जिसमें समाज के युवाओं और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और लगभग 100 यूनिट रक्तदान कर समाज के स्वर्णिम गौरवशाली इतिहास को आगे बढ़ाया।

विधायक ने की मंच निर्माण की घोषणा
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने इस भव्य आयोजन की सराहना की। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को सुखमय दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर विधायक ने समाज की मांग पर बाजार चौक स्थित मंच का नया निर्माण कराने की महत्वपूर्ण घोषणा की। साथ ही उत्कृष्ट कार्य के लिए मजदूर नगर इकाई साहू संघ सरोरा को सम्मानित भी किया।

अंतिम छोर के व्यक्ति का विकास लक्ष्य: लालकुमार साहू तहसील साहू संघ बीरगांव के अध्यक्ष लालकुमार साहू ने कहा कि समाज को संगठित कर जनहित के कार्य करना ही हमारा उद्देश्य है। समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति का सर्वांगीण विकास हो, इसलिए ऐसे आयोजनों को प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने बताया कि समाज की पहल और शासन के सहयोग से लगभग 1500 जोड़े सामूहिक आदर्श विवाह के माध्यम से गृहस्थ जीवन में प्रवेश करते हैं।

युवाओं के लिए आदर्श है यह मंच: बेदराम साहू कार्यक्रम में उपस्थित समाज के वरिष्ठ सदस्य व पार्षद बेदराम साहू ने कहा कि प्रतिवर्ष समाज का यह प्रयास रहता है कि विवाह योग्य युवक-युवतियों का विवाह सादगी और भव्यता के साथ सामूहिक रूप से हो, ताकि वे समाज का नाम रोशन कर सकें। वहीं, विशिष्ट अतिथि, पार्षद और नेता प्रतिपक्ष ओमप्रकाश साहू ने साहू समाज के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस भव्य आयोजन में पार्षद व एमआईसी सदस्य डॉ. संतोष साहू, पार्षद सकुन डेविड साहू, उपाध्यक्ष जीवन लाल साहू, महामंत्री लखन साहू, मीडिया प्रभारी कमलेश साहू, मजदूर नगर साहू संघ संरक्षक राजेंद्र साहू, मोहित साहू, मजदूर नगर इकाई अध्यक्ष प्रेमलाल साहू, धन्नूराम साहू, परिक्षेत्र अध्यक्ष रामपाल साहू, जिधन साहू, डेविड साहू, परमेश्वर साहू, दुर्गा प्रसाद साहू, युगलकिशोर साहू और पिताम्बर साहू सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

vicky Silas

विक्की साइलस – संपादक, छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम विक्की साइलस पिछले 12 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने करीब 10 साल तक छत्तीसगढ़ के एक प्रमुख सांध्य दैनिक अखबार में पत्रकार के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम के संपादक हैं। वे सरल, तथ्य आधारित और जिम्मेदार पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। उनकी नेतृत्व में “छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम” आम लोगों की आवाज़ को प्राथमिकता देने वाला भरोसेमंद डिजिटल प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है। संपर्क: vicky@chhattisgarhprimetime.com

Related Articles