सोनिया गांधी पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस ने थाने में दी शिकायत



रायपुर। सोशल मीडिया पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर रायपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस नेताओं ने सोमवार को मौदहापारा थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए शिकायत सौंपी।
शिकायत पत्र में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि रायपुर निवासी सौरभ बावरिया नामक व्यक्ति ने फेसबुक पर सोनिया गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट और टिप्पणियां की हैं। कांग्रेस का कहना है कि इस तरह की टिप्पणियां न केवल वरिष्ठ नेता की छवि धूमिल करने का प्रयास हैं, बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं की भावनाओं को भी आहत करती हैं।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में पुलिस से आईटी एक्ट और चरित्र हनन से संबंधित धाराओं के तहत तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है। कांग्रेस नेताओं ने यह भी मांग की कि पोस्ट पर आपत्तिजनक प्रतिक्रिया देने वालों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी उग्र आंदोलन करेगी। फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दौरान पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल, पंकज शर्मा सहित भारी संख्या कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











