LIVE UPDATE

Raipur Crime : शराब पीने लेकर हुआ विवाद, बेटे ने डंडे से पीटकर की पिता की हत्या

रायपुर। रायपुर ग्रामीण के तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां बेटे ने मामूली विवाद के बाद अपने ही पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना वार्ड क्रमांक 04 की है। पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 25 मई 2026 की रात करीब 9 बजे आरोपी बीरेन्द्र कोठारी उर्फ राजू और उसके पिता संतू कोठारी के बीच शराब पीने और घर में अन्य लोगों को बुलाकर शराब सेवन कराने की बात को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आरोपी ने घर में रखे लकड़ी के डंडे से अपने पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में संतू कोठारी के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश करते हुए घटनास्थल की साफ-सफाई की और शव को खाट पर लिटा दिया।

सूचना मिलते ही तिल्दा नेवरा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया है।

पुलिस ने आरोपी बीरेन्द्र कोठारी उर्फ राजू, उम्र 33 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 04 तिल्दा नेवरा को गिरफ्तार कर धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया है।

Related Articles