CG Breaking : छत्तीसगढ़ में एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध मौत, दंपती और दो बच्चों के शव मिलने से सनसनी

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आर्य नगर में शुक्रवार को एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। एक मकान से दंपती और उनके दो बच्चों के शव बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पति-पत्नी ने पहले अपने दोनों बच्चों की हत्या की और इसके बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45 वर्ष), उनकी पत्नी चंचल साहू (40 वर्ष), पुत्री दृष्णा साहू (13 वर्ष) और पुत्र यशांत साहू (11 वर्ष) के रूप में हुई है। मौके पर पति-पत्नी फांसी पर लटके मिले, जबकि दोनों बच्चे घर के भीतर मृत अवस्था में पाए गए।

घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू कराई। एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस को घर से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें पारिवारिक विवाद का जिक्र किया गया है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग भी इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं।

Advertisement

Related Articles