वार्ड क्रमांक 05 की सड़क समस्या को लेकर युवा नेता राघवेन्द्र पवार ने उठाई आवाज, सीसी सड़क निर्माण व अस्थायी बजरी डालने की मांग

चंदन जायसवाल 

कसडोल। नगर पंचायत कसडोल के वार्ड क्रमांक 05 में सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर युवा नेता राघवेन्द्र पवार ने नगर पंचायत अध्यक्ष नागेश्वर साहू, उपाध्यक्ष सुदीपदास मानिकपुरी तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनीष वारे से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया।

राघवेन्द्र पवार ने बताया कि सेक्टर-1 से सेक्टर-2 को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग लगातार बारिश के कारण कीचड़ से भर गया है, जिससे लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। वहीं खजरी तालाब के पास स्थित शिव मंदिर से बाजार तक की कच्ची सड़क पर पानी भरने से राहगीरों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

समस्या की गंभीरता को देखते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनीष वारे ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आश्वासन दिया कि बारिश के दौरान आवागमन सुचारु रखने के लिए संबंधित मार्ग पर फिलहाल अस्थायी रूप से बजरी डाली जाएगी। इसके बाद मौसम अनुकूल होने पर उक्त मार्ग का सीसी सड़क निर्माण कराया जाएगा।

युवा नेता राघवेन्द्र पवार ने नगर पंचायत प्रशासन से क्षेत्रवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शीघ्र स्थायी समाधान करने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन का स्वागत करते हुए जल्द कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई है।

Advertisement

Related Articles