बलौदाबाजार में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर प्रधानमंत्री मोदी का पुतला दहन



लखन हिरवानी
बलौदाबाजार। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बलौदाबाजार में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार जवाब देने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी आगामी दिनों में आंदोलन को और तेज करेगी। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।













