मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिलीं ग्राम पंचायत बिलारी की सरपंच, पूजानिर्मल कमल वंशी विकास कार्यों पर हुई चर्चा



चंदन जायसवाल
कसडोल। ग्राम पंचायत बिलारी को विकसित एवं आदर्श ग्राम बनाने की दिशा में सरपंच पूजानिर्मल कमल वंशी ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निज निवास पर सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान ग्राम पंचायत के विभिन्न विकास कार्यों, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार तथा क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।




मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान ग्राम पंचायत बिलारी में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया गया। पूजानिर्मल कमल वंशी ने कहा कि ग्राम पंचायत को विकसित ग्राम बनाने के लिए शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और आवश्यक सहयोग महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर जनपद सदस्य मोरध्वज पैकरा, ग्राम पंचायत असनिंद के सरपंच संतोष ध्रुव तथा ग्राम पंचायत कोसमसारा के सरपंच दुलार सिंह पैकरा भी उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनप्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए विकास कार्यों के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।









