कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सफल सिजेरियन प्रसव दो महिलाओं ने स्वस्थ शिशुओं को दिया जन्म



चंदन जायसवाल कसडोल
शहीद संत राम साहू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसडोल में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। अस्पताल में पहली बार सफलतापूर्वक सिजेरियन प्रसव कराते हुए दो महिलाओं का ऑपरेशन किया गया, जिनसे स्वस्थ शिशुओं का जन्म हुआ। जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित ऑपरेशन थिएटर उपलब्ध है जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सफलतापूर्वक दोनों सिजेरियन ऑपरेशन किए। इस उपलब्धि से क्षेत्र के लोगों को अब प्रसव संबंधी जटिल मामलों के लिए जिला मुख्यालय या बड़े अस्पतालों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।




सिजेरियन ऑपरेशन डॉ. राकेश प्रधान (एम.एस., शल्य चिकित्सक), डॉ. वंदना भेले (प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ) तथा डॉ. भरत साहू (निश्चेतना विशेषज्ञ) की संयुक्त टीम द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।ऑपरेशन के दौरान वंदिता साहू, बजरंग वर्मा, रानी पटेल एवं लक्ष्मी सेन ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। वहीं सती वर्मा विकासखंड समन्वयक तथा यशोदा प्रजापति मितानिन ने गर्भवती महिलाओं को कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सुरक्षित संस्थागत प्रसव एवं सिजेरियन ऑपरेशन के लिए प्रेरित करने में अहम भूमिका निभाई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता, आधुनिक ऑपरेशन थिएटर और बेहतर चिकित्सा व्यवस्था के कारण अब क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल रही हैं। इस सफलता से क्षेत्रवासियों में अस्पताल के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।









