रायपुर में युवक की हत्या करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार



रायपुर | राजधानी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत जोगी नगर बस्ती में सोमवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की नृशंस हत्या कर दी गई। आरोपियों ने पहले युवक को फोन कर क्रिकेट के मैदान से बाहर बुलाया और फिर बीच सड़क पर उसके गले पर चाकू से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी ‘स्माटी’ और उसके तीन अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें दो नाबालिग शामिल हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक कुश बाघ सोमवार रात करीब 11:30 बजे अपने दोस्तों के साथ जोगी नगर में क्रिकेट खेल रहा था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आया। कुश ने फोन नहीं उठाया, जिसके बाद उसी नंबर से उसके साथी समीर के फोन पर कॉल आया। समीर ने कुश को बताया कि कोई उससे बात करना चाहता है। इसके बाद कुश फोन पर बात करते हुए अकेला ही मेन रोड की ओर चला गया।
जैसे ही कुश मेन रोड पहुँचा, स्कूटी पर सवार होकर धीरज बाघ उर्फ स्माटी अपने साथियों के साथ वहाँ आ धमका। पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर कुश के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच स्माटी ने अपने पास रखे धारदार चाकू से कुश की गर्दन पर प्राणघातक हमला कर दिया। हमले में अत्यधिक खून बहने के कारण कुश की मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने आए उसके दोस्त समीर को भी आरोपियों ने चाकू मारकर घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सिविल लाइन, तेलीबांधा और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम गठित की गई। प्रार्थी परमजीत सोना और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी शुरू की। महज़ कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने मुख्य आरोपी धीरज बाघ उर्फ स्माटी और राहुल गौंधरे को उनके दो नाबालिग साथियों के साथ दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में धीरज बाघ उर्फ स्माटी (19 वर्ष) और राहुल गौंधरे (20 वर्ष), दोनों निवासी काशीराम नगर, सहित दो विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी और खून से सना बटनदार चाकू भी जब्त कर लिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।











