LIVE UPDATE

CG Crime : 7 महीने बाद 4 साल के मासूम के हत्यारे को पुलिस ने दबोचा, अवैध संबंध बना हत्या की वजह

रायपुर। राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में वर्ष 2025 में हुए 4 वर्षीय मासूम मयंक मिश्रा हत्याकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। करीब सात महीने से फरार चल रहे आरोपी जयदीप सिंह (27) को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

विज्ञापन

पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर 2025 को आमानाका क्षेत्र में 4 वर्षीय मयंक मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। प्रारंभिक जांच के बाद मामला मर्ग के रूप में दर्ज किया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने खुलासा किया कि बच्चे की मौत गला दबाकर हत्या किए जाने से हुई है। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विस्तृत विवेचना शुरू की।

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी जयदीप सिंह का मृतक बालक की मां के साथ अवैध संबंध था और उसका घर पर आना-जाना रहता था। पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि आरोपी मासूम मयंक को अपने संबंधों में बाधा मानता था। इसी वजह से उसने बच्चे की हत्या कर दी और घटना के बाद फरार हो गया।

डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल, अतिरिक्त डीसीपी राहुल देव शर्मा के निर्देशन तथा एसीपी देवांश सिंह राठौर और थाना प्रभारी सुधांशु बघेल के नेतृत्व में गठित टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर 10 जून 2026 को आरोपी जयदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी:
जयदीप सिंह, पिता बलविंदर सिंह, उम्र 27 वर्ष, निवासी टाटीबंध, थाना आमानाका, जिला रायपुर।

Related Articles