रायपुर में ‘इश्क’ बना जानलेवा, दो युवतियों की हत्या, लिव-इन पार्टनर और प्रेमी गिरफ्तार



रायपुर। राजधानी रायपुर में महज 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दो युवतियों की हत्या ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। दोनों मामलों में पुलिस जांच के दौरान एक चौंकाने वाली समानता सामने आई है—दोनों युवतियों की हत्या उनके प्रेमी ने कथित तौर पर चरित्र पर संदेह के चलते की। दोनों घटनाओं में आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
WRS कॉलोनी में युवती की हत्या, प्रेमी ने दुपट्टे से गला घोंटकर पानी में डुबोया

पहला मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है। 4 अगस्त को डब्ल्यूआरएस स्थित सोलापुरी माता मंदिर के पीछे पानी से भरे खेत में 19 वर्षीय नंदिनी जाल उर्फ नंदिनी जैन का शव मिला था। पोस्टमार्टम और पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी करण तांडी ने पहले युवती के मुंह में दुपट्टा ठूंसा, फिर उसी दुपट्टे से गला घोंट दिया और मौत सुनिश्चित करने के लिए उसका सिर पानी में डुबो दिया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध था। कुछ समय तक दोनों साथ भी रहे, लेकिन बाद में अलग होने के बाद आरोपी युवती के चरित्र पर शक करने लगा था। इसी विवाद के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। थाना खमतराई पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
लिव-इन पार्टनर ने बीएड छात्रा की ली जान

दूसरा मामला मुजगहन थाना क्षेत्र का है। कांकेर निवासी बीएड छात्रा भारती नेताम रायपुर में पढ़ाई के दौरान पिछले छह-सात महीनों से कोंडागांव निवासी सावंत बघेल के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
परिजनों के अनुसार, आरोपी अक्सर भारती के चरित्र पर संदेह करता था और उसके साथ मारपीट करता था। घटना से एक रात पहले भारती ने अपनी बहन को फोन कर बताया था कि वह आरोपी की मारपीट से परेशान होकर गांव लौटना चाहती है। बहन ने उसके खाते में पैसे भी भेजे, लेकिन इससे पहले ही आरोपी ने उसकी हत्या कर दी।
घटना के बाद आरोपी युवती को मेकाहारा अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी सावंत बघेल को गिरफ्तार कर लिया है।
दो घटनाएं, एक जैसी वजह
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों मामलों में हत्या की मुख्य वजह प्रेम संबंधों में अविश्वास और चरित्र पर संदेह रही। एक मामले में आरोपी ने सुनसान जगह पर ले जाकर गला घोंटकर हत्या की, जबकि दूसरे मामले में लिव-इन पार्टनर पर मारपीट के बाद हत्या करने का आरोप है।
बढ़ती चिंता का विषय
राजधानी में बढ़ते लिव-इन रिलेशनशिप और प्रेम संबंधों में हिंसा के बढ़ते मामले गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। पढ़ाई या काम के सिलसिले में बाहर से आए युवक-युवतियां अक्सर बिना किसी पारिवारिक नियंत्रण के साथ रहने लगते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि रिश्तों में संवाद की कमी, असुरक्षा की भावना और हिंसक प्रवृत्ति कई बार ऐसे जघन्य अपराधों का कारण बन रही है।









