रायपुर में हत्या का खुलासा: 24 घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार, पुराने विवाद में युवक की हत्या



रायपुर। राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान आशीष गरुड के रूप में हुई है, जिसकी इलाज के दौरान मेकाहारा अस्पताल में मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, 28 मई 2026 की रात करीब 12:30 बजे आशीष गरुड पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल आशीष को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके सिर, हाथ और पैर पर गंभीर चोटें पाई गईं। प्रारंभ में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत होने पर प्रकरण को हत्या में तब्दील कर दिया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के परिजनों और परिचितों से पूछताछ की। इस दौरान पता चला कि घटना से पहले आशीष को राज नायक के साथ देखा गया था। पुलिस ने जब राज नायक की गतिविधियों और आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की, तो उसके खिलाफ लूट, आर्म्स एक्ट और मारपीट जैसे कई मामले दर्ज होना सामने आया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गंज थाना पुलिस ने एसीसीयू रायपुर क्राइम ब्रांच, गुढ़ियारी थाना और रामनगर चौकी की संयुक्त टीम गठित की। टीम ने तेलघानी नाका, रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में प्रकाश सोना उर्फ टेरा द्वारा पुलिस को गुमराह करने की कोशिश भी उजागर हुई।
तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर दोनों संदिग्धों से कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें राज नायक और प्रकाश सोना उर्फ टेरा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि मृतक आशीष गरुड के साथ पुराने लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। घटना वाली रात इसी विवाद को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद राज नायक ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी साइकिल से मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार समेत महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और अन्य तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।









