जेल से निकलकर रौब दिखाना पड़ा महंगा : फूल-मालाओं से स्वागत कर निकाली बदमाशों की रैली, पुलिस ने 9 आरोपियों को किया गिरफ्तार



लखन हरवानी : बलौदाबाजार। जेल से बाहर निकले तो लगा मानो कोई विजेता लौट रहा हो… फूल-मालाएं, गाड़ियों का काफिला, समर्थकों की भीड़ और सोशल मीडिया पर दबंगई का प्रदर्शन। लेकिन यह फिल्मी कहानी का हीरो नहीं, बल्कि कानून के शिकंजे से छूटे आरोपी थे और कहानी का क्लाइमैक्स ऐसा आया कि कुछ ही घंटों में सारी हेकड़ी हवा हो गई। यह पूरी कहानी बलौदाबाजार जिले के भाटापारा की है।दरसअल, जमानत पर जेल से रिहा हुए 9 आरोपियों का उनके साथियों ने भव्य स्वागत किया। फूल-मालाओं से लादकर कार और बाइक रैली निकाली गई। सड़कों पर गाड़ियों का काफिला दौड़ा, नारे लगे और इलाके में शक्ति प्रदर्शन किया गया। आरोपियों को शायद लगा कि जेल से बाहर निकलते ही उनका रुतबा और बढ़ गया है। लेकिन उनकी यह दबंगई कैमरों और सोशल मीडिया पर कैद हो गई। इंस्टाग्राम पर अपलोड किए गए वीडियो में खुलेआम शक्ति प्रदर्शन और हुड़दंग दिखाई दिया। मोहल्ले के लोगों से बत्तमीजी भी की।
पुलिस ने सभी आरोपियों को किया गिरफ्तार
रील वायरल हुई तो मामला सीधे पुलिस तक पहुंचा। एसपी ओपी शर्मा के निर्देश पर भाटापारा पुलिस हरकत में आई। जिस काफिले के सहारे दबदबा दिखाया जा रहा था, उसी काफिले के पीछे पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने घेराबंदी कर एक-एक कर सभी आरोपियों को हिरासत में लिया। देखते ही देखते सड़क पर दिख रही दबंगई पुलिस की कार्रवाई के सामने फीकी पड़ गई।
9 आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक हुई कार्रवाई
आम लोगों में भय का माहौल पैदा करने, हुड़दंग करने और सोशल मीडिया के जरिए खौफ फैलाने के आरोप में सभी 9 आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। घटना में इस्तेमाल वाहनों पर भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। जेल से निकलकर रौब दिखाने निकले थे, लेकिन कानून ने याद दिला दिया कि फिल्मी स्टाइल की दबंगई रीलों में भले चल जाए, सड़कों पर नहीं।
देखें वीडियो









