LIVE UPDATE

CG Crime : चाचा ने की भतीजे की हत्या

दुर्ग।त्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र अंतर्गत रावणभाठा में शराब के नशे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ कर रख दिया। मामूली बात और शराब पीने को लेकर हुए विवाद में एक चाचा ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपने ही सगे भतीजे को मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने लोहे के पाइप से भतीजे के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। हालांकि, जामुल पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए घटना के महज 10 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

घटना 2 मार्च 2026 की देर रात करीब 11:30 बजे की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि रावणभाठा निवासी हेमंत साहू की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रामेन्द्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मृतक की मां श्रीमती ललिता साहू और आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि मृतक हेमंत और उसके 25 वर्षीय चाचा आशीष साहू के बीच शराब पीने की बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर चाचा आशीष ने पास रखे लोहे के भारी पाइप से हेमंत के सिर के पिछले हिस्से पर जानलेवा हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से हेमंत वहीं अचेत होकर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आशीष साहू मौके से फरार हो गया था। जामुल पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का अपराध पंजीबद्ध किया और आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस और साइबर सेल (ACCU) की टीमों ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी की और घेराबंदी कर 10 घंटे से भी कम समय में आरोपी को जामुल क्षेत्र से ही दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी बरामद कर लिया है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी रामेन्द्र सिंह, एसीसीयू की टीम और थाने के अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका सराहनीय रही। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है। वहीं, दुर्ग पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशे की हालत में अक्सर छोटे विवाद गंभीर अपराध का रूप ले लेते हैं, इसलिए संयम बरतें और कानून को अपने हाथ में न लें।

vicky Silas

विक्की साइलस – संपादक, छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम विक्की साइलस पिछले 12 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने करीब 10 साल तक छत्तीसगढ़ के एक प्रमुख सांध्य दैनिक अखबार में पत्रकार के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम के संपादक हैं। वे सरल, तथ्य आधारित और जिम्मेदार पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। उनकी नेतृत्व में “छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम” आम लोगों की आवाज़ को प्राथमिकता देने वाला भरोसेमंद डिजिटल प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है। संपर्क: vicky@chhattisgarhprimetime.com

Related Articles