CG Crime : युवती को हवस का शिकार बनाने वाला सुपरवाइजर गिरफ्तार, मोबाइल में मिले आपत्तिजनक वीडियो

रायगढ़। रायगढ़ जिले की पूंजीपथरा पुलिस ने युवती से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक प्लांट सुपरवाइजर को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के कड़े निर्देशों के बाद पुलिस ने आरोपी को घेराबंदी कर दबोचा और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पंकज गोपाल उर्फ पंकज यादव (32 वर्ष), पिता स्व. गंझू राम गोपाल, मूल रूप से जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के सेंदरीबहार का रहने वाला है। वह वर्तमान में पूंजीपथरा क्षेत्र स्थित ‘सिंघल गेट ईंटा प्लांट बंजारी’ में सुपरवाइजर का काम करता था। आरोपी ने युवती को अपनी हवस का शिकार बनाया और उसके आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिए।

पूंजीपथरा पुलिस ने शिकायत मिलते ही तत्काल एक्शन लिया और आरोपी की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी का मोबाइल जब्त किया, जिसमें युवती के आपत्तिजनक वीडियो बरामद हुए हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दुष्कर्म की धाराओं के साथ-साथ आईटी एक्ट (IT Act) की धाराएं भी जोड़ी हैं।

एसएसपी का सख्त संदेश
इस कार्रवाई पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी पंकज यादव को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Advertisement

Related Articles