रायपुर में डबल मर्डर, बर्खास्त सिपाही ने कुल्हाड़ी से पत्नी और बेटी को उतारा मौत के घाट, फिर खुद थाने पहुँचकर किया सरेंडर



रायपुर | राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरिया गांव में बुधवार को एक ऐसी वारदात सामने आई जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। एक बर्खास्त पुलिसकर्मी ने मामूली पारिवारिक विवाद के बाद अपना आपा खो दिया और अपनी पत्नी व 22 वर्षीय बेटी की कुल्हाड़ी से काटकर नृशंस हत्या कर दी। रूह कंपा देने वाली इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद थाने पहुँचा और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल करते हुए आत्मसमर्पण कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी गुलाब साहू का बुधवार सुबह करीब 7 बजे अपनी पत्नी लता साहू से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि गुलाब ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और लता पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। माँ को बचाने आई 22 वर्षीय बेटी चित्रा साहू पर भी आरोपी ने रहम नहीं दिखाया और उसे भी मौत के घाट उतार दिया। दोनों की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
प्रारंभिक जाँच में यह बात सामने आई है कि मृतका चित्रा, लता साहू की पहली शादी से हुई संतान थी। लता ने करीब चार साल पहले गुलाब साहू से दूसरा विवाह किया था। गुलाब साहू पूर्व में छत्तीसगढ़ पुलिस सेवा में पदस्थ था, लेकिन अपनी अनुशासनहीनता के चलते उसे विभाग से बर्खास्त कर दिया गया था। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि क्या बर्खास्तगी के बाद का तनाव और बेटी के सौतेले होने की बात इस हत्याकांड की मुख्य वजह तो नहीं थी।
मिली जानकारी के अनुसार, घर के भीतर मची चीख-पुकार सुनकर जब तक पड़ोसी मौके पर पहुँचे, तब तक दोनों महिलाएं लहूलुहान होकर दम तोड़ चुकी थीं। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। इसी बीच, आरोपी गुलाब साहू खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर सीधे विधानसभा थाने जा पहुँचा और सरेंडर कर दिया। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया।
विधानसभा थाना पुलिस ने दोनों शवों को पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए मेकाहारा भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद से ही सेमरिया गांव में मातम और तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, विस्तृत पूछताछ और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के सटीक कारणों का खुलासा हो पाएगा।











