Raipur Breaking : रायपुर के ज्वेलरी शॉप में बड़ी चोरी, जांच में जुटी पुलिस



रायपुर। राजधानी रायपुर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। घटना शनिवार और रविवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 12:30 बजे अज्ञात चोर शंकर नगर स्थित लक्ष्य ज्वेलरी शॉप में घुसे और दुकान में रखे भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। रविवार को दुकान बंद होने के कारण घटना की जानकारी नहीं मिल सकी। सोमवार सुबह जब दुकान संचालक ने शॉप खोली तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल जांच शुरू करते हुए दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चोरी की इस बड़ी वारदात में पेशेवर गिरोह के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।











