रायपुर में भाजपा विधायक से मोबाइल लूट, 8 घंटे में आरोपी गिरफ्तार



रायपुर। राजधानी रायपुर में भाजपा विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से मोबाइल लूट की घटना सामने आई है। हालांकि रायपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 8 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार धरमलाल कौशिक सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए अपने शासकीय निवास से निकले थे। सुबह करीब 7:15 बजे पीडब्ल्यूडी आर्च ब्रिज के नीचे एक अज्ञात बाइक सवार युवक उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मामले की सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्राइम ब्रांच और संबंधित थानों की संयुक्त टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने घटना स्थल और संभावित रूट पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही तकनीकी विश्लेषण और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी मणिकांत ध्रुव पिता राजेंद्र ध्रुव उम्र 19 वर्ष को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से बलौदाबाजार-भाटापारा जिले का निवासी है और वर्तमान में रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र के राजीव नगर में रह रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी रैपिडो चलाने का काम भी करता था।
रायपुर पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि राजधानी में अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।











