छत्तीसगढ़ में सराफा कारोबारी की गोली मारकर हत्या


पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के पेंड्रा-गौरेला-मरवाही जिले के कोटमी साप्ताहिक बाजार में मंगलवार शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां अज्ञात बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना उस वक्त हुई जब व्यापारी अपनी दुकान बंद कर घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश पहुंचे और सोना-चांदी लूटने का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने व्यापारी के सीने में बेहद करीब से गोली मार दी।
गोली लगते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल प्रदीप सोनी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी सोना-चांदी लूटकर मौके से फरार हो गए। फिलहाल कितने की लूट हुई है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीन बदमाश एक पल्सर बाइक पर सवार होकर आए थे। घटना रात करीब 7 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही कोटमी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी।
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। नाराज लोगों ने अस्पताल पहुंचकर पुलिस से शव छीन लिया और सड़क पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। सर्राफा व्यापारी संघ समेत अन्य व्यापारिक संगठनों ने बुधवार को पेंड्रा बंद का ऐलान किया है।
पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।











