LIVE UPDATE

बड़ी कार्रवाई : पैराडाइज होटल में छापा, संचालक गिरफ्तार

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के कोटमी क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर लगाम कसते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पैराडाइज होटल में अवैध अंग्रेजी शराब के भंडारण और बिक्री की सूचना पर पुलिस अधीक्षक सुरजन राम भगत के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओम चंदेल के मार्गदर्शन में साइबर सेल और कोटमी चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई की। पुलिस को यह जानकारी मिली थी कि होटल परिसर में अंग्रेजी शराब की अवैध बिक्री की जा रही है।

ये भी पढ़ें-HSRP Number Plate : वाहनों में एचएसआरपी नंबर प्लेट नहीं लगाने पर पुलिस एवं प्रवर्तन अमले के द्वारा होगी चालानी कार्रवाई

मुखबिर की सूचना पर जब पुलिस ने होटल परिसर और उससे सटे निर्माणाधीन बाड़े की तलाशी ली तो वहां महिंद्रा TUV वाहन (क्रमांक JH 01 BU 1088) में अंग्रेजी शराब के कई कार्टून बरामद हुए। होटल संचालक राजेश शर्मा, पिता सुखदेव प्रसाद शर्मा, उम्र 47 वर्ष, निवासी अकोला चौकी कोटमी को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया। बरामद शराब में गोवा ब्रांड की 227 बोतलें, बैगपाइपर ब्रांड की 48 बोतलें और ब्ल्यू चिप्स ब्रांड की 17 बोतलें शामिल हैं। कुल मिलाकर लगभग 52.560 लीटर शराब और वाहन सहित कुल संपत्ति का मूल्य करीब 3 लाख 96 हजार 200 रुपये आंका गया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश राज्य की शराब का अवैध रूप से छत्तीसगढ़ लाकर बिक्री करने के आरोप में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सुरेश ध्रुव, कोटमी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अजय वारे, प्रधान आरक्षक चौपाल कश्यप, आरक्षक राजेश शर्मा, हर्ष गहरवार, महेंद्र परस्ते, ऋषि साहू, थाना से उप निरीक्षक रणछोड़ दास सेंगर, प्रधान आरक्षक पवन राठौड़ सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

जिला पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को अवैध शराब कारोबार पर एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी और किसी भी गैरकानूनी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

vicky Silas

विक्की साइलस – संपादक, छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम विक्की साइलस पिछले 12 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने करीब 10 साल तक छत्तीसगढ़ के एक प्रमुख सांध्य दैनिक अखबार में पत्रकार के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम के संपादक हैं। वे सरल, तथ्य आधारित और जिम्मेदार पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। उनकी नेतृत्व में “छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम” आम लोगों की आवाज़ को प्राथमिकता देने वाला भरोसेमंद डिजिटल प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है। संपर्क: vicky@chhattisgarhprimetime.com

Related Articles