CG Crime : घरेलू विवाद में छोटे भाई ने की बड़े भाई की हत्या



दुर्ग। दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत माया नगर एचएससीएल कॉलोनी में घरेलू विवाद के दौरान छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 10 मई 2026 की है। माया नगर एचएससीएल कॉलोनी में रहने वाले दो सगे भाइयों के बीच घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई मनोज यादव ने घर में रखे धारदार लोहे के रापा से बड़े भाई अशोक यादव पर हमला कर दिया। आरोपी ने अशोक यादव के सिर और कनपटी पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल अशोक यादव को तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय दुर्ग ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी मनोज यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में विधिवत गिरफ्तार कर लिया। मामले में पहले धारा 109(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया था, लेकिन मृत्यु होने के बाद हत्या की धारा 103(1) बीएनएस भी जोड़ दी गई।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार लोहे का रापा भी जप्त कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।











