LIVE UPDATE

जमीन के लालच में कलयुगी पुत्र ने मां को उतारा मौत के घाट, बंटवारे के विवाद में सिर पर लकड़ी से किया वार

चंदन जायसवाल : बलौदाबाजार। जिला मुख्यालय के निकटतम ग्राम मगरवाय में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक जघन्य वारदात सामने आई है। यहाँ जमीन बंटवारे के विवाद में एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही मां की जलाऊ लकड़ी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मगरवाय निवासी मृतिका बेबी वर्मा का अपने बेटे धनेश्वर वर्मा उर्फ धन्नू (42 वर्ष) के साथ पिछले काफी समय से जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी और लड़ाई-झगड़ा होता रहता था। मंगलवार, 21 अप्रैल की शाम यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी धनेश्वर ने आपा खो दिया और घर में रखी जलाऊ लकड़ी से अपनी मां के सिर पर ताबड़तोड़ प्राणघातक वार कर दिए। हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि गंभीर चोट लगने के कारण बेबी वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मृतिका के दूसरे पुत्र बहादुर वर्मा ने सिटी कोतवाली थाने में दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। कोतवाली पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर आरोपी धनेश्वर वर्मा को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी ने जमीन विवाद के चलते अपनी मां की हत्या करने का जुर्म स्वीकार कर लिया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। बुधवार को आवश्यक वैधानिक औपचारिकताओं के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है।

Related Articles